वडोदरा में बाढ़ में फंस गई थीं राधा यादव

वडोदरा, 29 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज राधा यादव वडोदरा में आई बाढ़ में फंस गई थीं, हालांकि किसी अनहोनी से पहले उन्हें राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने सकुशल निकाल लिया। राधा ने इस सहायता के लिए एनडीआरएफ को धन्यवाद दिया है।
 | 
gyanhigyan

राधा ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा, "हम लोग बहुत बुरी तरह फंस गए थे। हमें बचाने के लिए एनडीआरएफ को बहुत-बहुत धन्यवाद।"

उनके पोस्ट किए हुए वीडियो में आसपास के इलाक़े पानी में डूबे हुए हैं और बचाव कर्मी नाव पर सवार होकर आ रहे हैं। लोगों को छाती तक पानी से गुज़रते हुए भी देखा जा सकता है।

हाल के दिनों में गुजरात के कई इलाक़े बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गुरुवार को आई रिपोर्ट के अनुसार, बारिश और बाढ़ संबंधी घटनाओं के कारण 28 लोगों की मौत हो गई और लगभग 18,000 लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित किया गया है।

राधा महिला टी20 विश्व कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं। 2024 महिला टी20 विश्व कप की शुरुआत 3 अक्तूबर से होगी। भारत के ग्रुप में गत विजेता ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और न्यूज़ीलैंड शामिल हैं। भारत अपने अभियान का आगाज 4 अक्तूबर को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ करेगा।

राधा ने हाल ही में खेले गए महिला एशिया कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। जहां उन्होंने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल में तीन विकेट झटके थे।

राधा ने भारत के लिए 80 टी20 मुक़ाबलों में 90 विकेट हासिल किए हैं। जबकि वनडे में उन्होंने भारत के लिए केवल चार मैच खेले हैं और एक विकेट प्राप्त किया है।

--आईएएनएस

आरआर/