आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की अदला-बदली की चर्चा तेज
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन की तैयारी
मुंबई: आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन अगले महीने, यानी दिसंबर में होने वाला है। इस आयोजन से पहले खिलाड़ियों के रिटेन और रिलीज होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। हाल ही में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच संभावित ट्रेड डील की बातें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, आरआर ने अपने कप्तान संजू सैमसन के बदले सीएसके से रवींद्र जडेजा और सैम करन की मांग की है।
इसके अलावा, एक नई खबर यह है कि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का मुंबई इंडियंस (एमआई) से पत्ता कट सकता है। वह आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए खेल सकते हैं। शार्दुल ठाकुर भी एमआई का हिस्सा बन सकते हैं। दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों के आदान-प्रदान पर बातचीत चल रही है।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई और लखनऊ फ्रेंचाइजी अर्जुन और शार्दुल के लिए बातचीत कर रही हैं। यह डील स्वैप डील नहीं होगी, बल्कि इसमें अलग-अलग कैश ट्रांजैक्शन हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अर्जुन और शार्दुल दोनों के फ्रेंचाइजी बदलने की संभावना है। दोनों टीमों के बीच स्वतंत्र आदान-प्रदान संभव है। आईपीएल के ट्रेड नियमों के अनुसार, किसी भी बदलाव की आधिकारिक घोषणा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा की जानी चाहिए।
हालांकि, मुंबई क्रिकेट जगत के सूत्रों ने पुष्टि की है कि खिलाड़ियों की अदला-बदली संभव है। इसकी घोषणा अगले कुछ दिनों में की जा सकती है। साथ ही, 15 नवंबर को खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने की लिस्ट भी जारी की जा सकती है। अर्जुन ने 2023 में एमआई के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था और उन्होंने तीन मैच खेले। कुल मिलाकर, उन्होंने पांच आईपीएल मैचों में 13 रन बनाए और तीन विकेट लिए। मुंबई ने अर्जुन को दोनों ऑक्शन में 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था।
अर्जुन को आईपीएल 2025 में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। 26 वर्षीय बाएं ऑलराउंडर ने साल 2024 में केवल एक मैच खेला। वहीं, 34 वर्षीय शार्दुल पिछले साल जेद्दा में हुए मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन आईपीएल 2025 की शुरुआत से पहले एलएसजी में रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल हुए थे। उन्हें दो करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर मोहसिन खान की जगह लिया गया था। शार्दुल ने एलएसजी के लिए 10 मैचों में 18 रन बनाने के साथ-साथ 13 विकेट भी लिए।
