टेक्सास में महिला पर सांप और बाज का अजीब हमला

सांप और बाज का संघर्ष
वॉशिंगटन: टेक्सास के सिल्स्बी में एक महिला, पैगी जोन्स, मंगलवार को अपने बगीचे में घास काट रही थीं, तभी अचानक एक सांप उन पर गिर पड़ा। इस दौरान एक बाज भी वहां आया और दोनों पर हमला करने लगा। 64 वर्षीय जोन्स ने सांप के जकड़ने पर मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। यह घटना 25 जुलाई को हुई थी, लेकिन जोन्स ने अब इसके बारे में बताया है।
महिला ने सांप को हटाने की कोशिश की, लेकिन सांप ने उनके चेहरे पर हमला करना शुरू कर दिया। यह सांप वास्तव में बाज का शिकार था, जो उसे अपने पंजों में पकड़कर उड़ रहा था, लेकिन अचानक महिला पर गिर गया। बाज अपने शिकार को वापस पाने के लिए महिला पर बार-बार हमला कर रहा था। जोन्स ने बताया, “मैं सांप से छुटकारा पाने के लिए चिल्ला रही थी। वह बहुत जोर से जकड़ रहा था और मैंने अपने हाथों को हवा में लहराया। सांप ने मेरे चश्मे पर कई बार हमला किया।”
जब बाज अपने भोजन को वापस पाने की कोशिश कर रहा था, तभी जोन्स का पति वहां पहुंचा और अंततः सांप को उनकी बांह से हटा दिया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जोन्स के शरीर पर घाव और गंभीर चोटें थीं। उन्होंने कहा कि सांप के हमले से उनका चश्मा भी टूट गया था। इस दर्दनाक अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब वे सोती हैं, तो यह घटना उनके मन में आती है और उन्हें डर लगता है।