जयपुर के ओजस्व गजराज ने कलारीपेयट्टू में जीता रजत पदक
ओजस्व गजराज की ऐतिहासिक जीत
जयपुर। दक्षिण भारत के प्रमुख खेल कलारीपेयट्टू में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए जयपुर के ओजस्व गजराज ने खेलो इंडिया नेशनल कलारीपेयट्टू लीग में रजत पदक प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है। ओजस्व गजराज इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले राजस्थान के एकमात्र खिलाड़ी हैं। इससे पहले, उन्होंने बिहार के गया में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में भी रजत पदक जीता था।
भारत सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित खेलो इंडिया 2026 मार्शल आर्ट्स कलारीपेयट्टू में ओजस्व ने रजत पदक जीता। इस प्रतियोगिता में 27 से 29 मार्च 2026 तक 24 राज्यों के 450 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। ओजस्व ने चुवाडुगल प्रतिस्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
14 वर्षीय ओजस्व गजराज ने जूनियर ब्वॉयज कैटेगरी में यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरु अशोक पारीक (अशोक स्पोर्ट्स अकादमी) और अपने माता-पिता डॉ. सुमन मौर्य (प्रोफेसर, राजस्थान विश्वविद्यालय) तथा डॉ. जगदीश प्रसाद (उपनिदेशक, महिला अधिकारिता) को दिया। ओजस्व गजराज ने कराटे और कलारीपेयट्टू की विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 40 से अधिक पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वह वॉरेन एकेडमी स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र हैं और कराटे में ब्लैक बेल्ट धारक हैं।
