हैदराबाद में हाई-प्रोफाइल पार्टी पर छापेमारी, 6 लोग हिरासत में
हैदराबाद में छापेमारी से मचा हड़कंप
हैदराबाद के मोइनाबाद में एक फार्महाउस पर चल रही एक भव्य पार्टी पर पुलिस और टास्क फोर्स द्वारा की गई छापेमारी ने दक्षिण भारत की राजनीतिक हलचल को बढ़ा दिया है। इस कार्रवाई में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सांसद पुट्टा महेश कुमार और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी समेत छह व्यक्तियों को नशीले पदार्थों के सेवन के आरोप में हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी।
रोहित रेड्डी के स्वामित्व वाले फार्महाउस में नशीले पदार्थों के उपयोग की विश्वसनीय सूचना मिलने पर, मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन के लिए विशेष कार्य बल (ईगल) ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर शनिवार रात छापा मारा।
पार्टी में हुई गोलीबारी और ड्रग टेस्टिंग
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में से एक ने पार्टी के दौरान रिवॉल्वर से हवा में तीन गोलियां चलाईं। पार्टी में शामिल 11 लोगों की मौके पर ही 'यूरीन ड्रग टेस्टिंग किट' से जांच की गई, जिसमें से रोहित शेट्टी समेत पांच व्यक्तियों के मादक पदार्थ का सेवन करने की पुष्टि हुई, जबकि सांसद की जांच में ऐसा नहीं पाया गया।
ईगल बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी को अस्पताल ले जाया गया, और दोबारा जांच में यह पुष्टि हुई कि सांसद सहित छह लोगों ने नशीले पदार्थों का सेवन किया है।
जांच जारी, मादक पदार्थ की बरामदगी
अधिकारी ने कहा कि सांसद की प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थ लेने की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन खून की जांच में यह बात सामने आई। यह भी जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने फार्महाउस परिसर में या किसी अन्य स्थान पर मादक पदार्थों का सेवन किया।
पार्टी से दो ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है, जिसे फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था।
पार्टी में शामिल लोगों की पहचान
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस पार्टी में रियल एस्टेट व्यवसायियों, व्यापारियों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों का एक समूह शामिल था, जिसमें एक महिला भी शामिल थी। पुलिस ने पार्टी में इस्तेमाल किए गए हथियार को जब्त कर लिया है।
