हापुड़ में प्रेमिका को वश में करने के लिए जलती चिता से खोपड़ी चुराने का मामला
हापुड़ में अंधविश्वास का खौफनाक मामला
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने तंत्र-मंत्र के प्रभाव में आकर अपने साथियों के साथ जलती चिता से खोपड़ी निकाल ली। पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र की है, जहां हाल ही में श्मशान घाट में जलती चिता से छेड़छाड़ की गई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
आरोपी ने जलती चिता से खोपड़ी निकाली
जांच में पता चला कि आरोपी अमन एक लड़की से एकतरफा प्रेम करता था। उसे और उसके परिवार को वश में करने के लिए उसने तांत्रिक से संपर्क किया। तांत्रिक अवधेश शर्मा ने उसे सलाह दी कि वह चिता से खोपड़ी लाए। इसके बाद यह पूरी साजिश रची गई। बताया गया है कि जिस चिता से अवशेष निकाले गए, वह 16 वर्षीय शुभांशु की थी, जिसकी बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। अंतिम संस्कार के बाद जैसे ही परिवार वाले वहां से गए, आरोपी मौके पर पहुंचा और चिता से अवशेष लेकर भाग गया।
पुलिस ने 50 से अधिक तस्वीरें की बरामदगी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 50 से अधिक लोगों की तस्वीरें भी मिली हैं, जिनका कथित तौर पर तंत्र-मंत्र में उपयोग किया जाता था। पुलिस का कहना है कि शव पूरी तरह जल चुका था और आरोपियों ने केवल हड्डियां और राख उठाई थी। फिलहाल, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले कितने लोगों को इस तरह के झांसे में फंसा चुके हैं।
तीन आरोपी सलाखों के पीछे
तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं, लेकिन यह मामला एक बार फिर अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाले अपराधों की सच्चाई को उजागर करता है। आरोपी अमन ने बताया कि तांत्रिक ने उसे कहा था कि वह उसके घर की समस्याएं हल कर देंगे और उसकी प्रेमिका को उससे मिला देंगे। इसी विश्वास में वह उनके पास गया था।
