हमीरपुर: नादौन पुलिस ने गगाल में हुई गहनों की चोरी के मामले को सुलझा लिया है। चोरी किए गए गहनों को नादौन स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी से बरामद किया गया है। जांच में यह सामने आया है कि नाबालिग बेटे ने आईफोन खरीदने और अन्य शौक पूरे करने के लिए यह चोरी की थी। उसने इन गहनों के बदले लगभग तीन लाख रुपये का लोन लिया था।
जानकारी के अनुसार, तीन अप्रैल को मुकेश कुमार ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी के सोने के गहने घर की अलमारी से चोरी हो गए हैं और इसके पीछे उनके बेटे का हाथ है। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता का बेटा नाबालिग है।
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि उसने सोने के गहने कृष कौंडल को दिए थे, जो गांव कुठार का निवासी है। कृष ने अपनी बहन निशा कुमारी के साथ मिलकर इन गहनों को नादौन की निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर गोल्ड लोन प्राप्त किया। पुलिस ने गहनों को बरामद कर लिया है, जिनका कुल वजन लगभग 31.77 ग्राम है। शिकायतकर्ता की पत्नी ने बरामद गहनों की पहचान की है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
नाबालिग की कृष से मुलाकात शादी में हुई थी। पुलिस जांच में पता चला है कि कृष कौंडल डीजे बजाने का काम करता है। एक शादी में नाबालिग लड़के की कृष से मुलाकात हुई, जिसके बाद उनकी दोस्ती हुई और फिर उन्होंने गहनों की चोरी की योजना बनाई।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।- बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर।
