सीकर में शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण
सीकर में शिविरों का निरीक्षण
जयपुर, 3 जुलाई। सीकर जिले के प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने शुक्रवार को सीकर नगर परिषद में शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इसके साथ ही खंडेला की ग्राम पंचायत कांसरड़ा और पलसाना की ग्राम पंचायत रैवासा में ग्रामीण सेवा शिविरों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को पट्टे और विभिन्न स्वीकृति पत्रों का वितरण किया। प्रभारी सचिव ने नगर परिषद के शिविर की बेहतरीन व्यवस्था और सफाई के लिए वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा और शिविर प्रभारी पूनम महला की सराहना की।
सुबीर कुमार ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का दौरा किया और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि हर आवेदन का संवेदनशीलता से निपटारा किया जाए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का लक्ष्य है कि हर योग्य नागरिक तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समय पर पहुंच सके। शहरी और ग्रामीण सेवा शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम जनता को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं।
