सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने थॉमस कप पर अपने बयान को स्पष्ट किया
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी का स्पष्टीकरण
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने हाल ही में थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने के बाद दिए गए अपने बयान पर सफाई दी है। उनके बयान को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और खेल जगत में काफी चर्चा हो रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी अन्य खिलाड़ी की उपलब्धि को कमतर दिखाना या व्यक्तिगत प्रसिद्धि हासिल करना नहीं था।
सात्विकसाईराज ने कहा कि वह हर खिलाड़ी का सम्मान करते हैं, जो किसी भी खेल में भारत का नाम रोशन करता है। उनका मुख्य संदेश यह था कि देश में ऐसी संस्कृति विकसित होनी चाहिए, जहां हर उपलब्धि का सम्मान किया जाए, चाहे वह कितनी भी छोटी क्यों न हो।
खेल रत्न पुरस्कार विजेता ने इस विषय पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में थॉमस कप कांस्य पदक के स्वागत पर मेरी टिप्पणियों को लेकर काफी चर्चा हुई है। मैं मिले समर्थन और प्रोत्साहन के लिए आभारी हूं।’’
सात्विकसाईराज ने आगे कहा, ‘‘हालांकि, मैं अपने विचारों को स्पष्ट करना चाहता हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि कई लोग मूल मुद्दे से भटक रहे हैं। मेरी बात का उद्देश्य व्यक्तिगत प्रसिद्धि पाना या किसी अन्य खिलाड़ी की उपलब्धियों का श्रेय कम करना नहीं था। मैं हर उस खिलाड़ी का अत्यंत सम्मान करता हूं, जो किसी भी खेल में भारत का नाम रोशन करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा संदेश बहुत सरल था। हमें ऐसी संस्कृति विकसित करनी चाहिए, जो हर जीत का स्वागत और सम्मान करे, चाहे वह बड़ी हो या छोटी। चाहे वह विश्व कप का पदक हो या थॉमस कप जैसे वैश्विक टूर्नामेंट में पोडियम फिनिश।’’
सात्विकसाईराज ने यह भी कहा, ‘‘ये पल वर्षों की मेहनत, त्याग और संघर्ष का परिणाम होते हैं। जब ऐसी उपलब्धियों पर सन्नाटा छा जाता है तो यह सिर्फ हमारे लिए ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भारतीय खिलाड़ियों के लिए भी निराशाजनक होता है, जो हमें देख रही हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पैसे या भव्य स्वागत की जरूरत नहीं है; हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि हमारा देश हमें देख रहा है और हमारी मेहनत को महसूस कर रहा है। आइए, हम सभी खेलों का समान जुनून और समान नजरिये से समर्थन करें।’’
सात्विकसाईराज ने अंत में कहा, ‘‘अगली बार यह चर्चा इस बात पर न हो कि किसने ज्यादा जीता या कम, बल्कि इस पर हो कि भारतीय जर्सी पहनने वाले हर खिलाड़ी का सम्मान कैसे किया जाए।’’ उन्होंने आभार जताते हुए लिखा, ‘‘मेरे साथ खड़े रहने के लिए आपका शुक्रिया। चलिए, अपने देश भारत के लिए खेलना जारी रखते हैं।’’
भारतीय महिलाओं का तीरंदाजी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन
भारतीय महिला रिकर्व टीम ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। अब गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत का सामना चीन से होगा।
