सांप काटने पर तुरंत क्या करें: जान बचाने के उपाय
सांप के काटने की आपात स्थिति
सांप का काटना एक गंभीर आपातकालीन स्थिति है, जिसमें घबराहट और गलत जानकारी जानलेवा हो सकती है। भारत में कई प्रकार के सांप पाए जाते हैं, जिनमें से कुछ अत्यधिक विषैले होते हैं। सही समय पर उचित कदम उठाने से जान बचाई जा सकती है। कई लोगों की समय पर उपचार न मिलने के कारण मृत्यु हो जाती है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि सांप काटने के बाद तुरंत क्या करना चाहिए और क्या नहीं।
क्या करें?
1. घबराएं नहीं
सांप के काटने पर शरीर में एड्रेनालिन का स्तर बढ़ जाता है। घबराने से दिल की धड़कन तेज हो जाती है, जिससे जहर तेजी से फैलता है। इसलिए, खुद को या पीड़ित को शांत करना जरूरी है। याद रखें, हर सांप जहरीला नहीं होता और सही उपचार से जान बचाई जा सकती है।
2. हलचल कम करें
जिस अंग पर सांप ने काटा है, उसे हिलाना नहीं चाहिए। हिलने से मांसपेशियां सक्रिय होती हैं और जहर लिंफैटिक सिस्टम के जरिए तेजी से रक्त में पहुंचता है, जिससे जान का खतरा बढ़ सकता है।
3. गहने और तंग कपड़े उतारें
सांप के काटने के बाद सूजन आना सामान्य है। यदि पीड़ित ने अंगूठी, घड़ी, चूड़ियां या तंग कपड़े पहने हैं, तो उन्हें तुरंत उतार दें। सूजन बढ़ने पर ये चीजें रक्त संचार को रोक सकती हैं।
4. घाव को साफ करें
घाव को हल्के से साफ पानी या साबुन से धो सकते हैं, लेकिन पट्टी बांधते समय ध्यान रखें कि वह बहुत कसकर न हो। घाव को खुला छोड़ना या हल्का ढंकना बेहतर होता है।
5. तुरंत अस्पताल पहुंचें
एकमात्र प्रभावी उपचार एंटीवेनम है। झाड़फूंक या घरेलू नुस्खों में समय बर्बाद करना खतरनाक हो सकता है। पीड़ित को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या ऐसे केंद्र पर ले जाएं जहां एंटीवेनम उपलब्ध हो।
क्या बिल्कुल न करें?
जहर चूसने की कोशिश न करें
मुंह से जहर चूसना केवल फिल्मों में अच्छा लगता है। असल जिंदगी में यह दोनों की जान को खतरे में डाल सकता है।
चीरा न लगाएं
घाव पर ब्लेड या चाकू से कट न लगाएं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
रस्सी से कसकर न बांधें
खून रोकने के लिए रस्सी या पट्टी को बहुत कसकर बांधने से उस अंग में रक्त प्रवाह पूरी तरह बंद हो सकता है, जिससे अंग काटने की नौबत आ सकती है।
