सहारनपुर में युवक का शव आम के बाग में लटका मिला, किशोरी की करंट से मौत

सहारनपुर में लापता युवक का शव बरामद
सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में एक युवक का शव शुक्रवार को आम के बाग में पेड़ से लटका हुआ पाया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 28 वर्षीय अनिल के रूप में हुई, जो ग्राम मल्हीपुर का निवासी था।
पुलिस अधीक्षक (नगर) व्योम बिंदल ने बताया कि अनिल बृहस्पतिवार शाम को अपने घर से निकला था और रात तक वापस नहीं आया।
बिंदल ने कहा कि उसके परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन अनिल का कोई पता नहीं चला। परिवार ने सोचा कि वह सुबह लौट आएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी बीच, उसका शव आम के बाग में लटका हुआ मिला।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
देवबंद में किशोरी की करंट से मौत
सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में एक किशोरी की करंट लगने से मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि खानकाह मोहल्ले में 17 वर्षीय नौशीन गीले कपड़ों पर प्रेस करते समय करंट की चपेट में आ गई।
जैन के अनुसार, उसके परिजन उसे तुरंत चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।