सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के एक्सपोर्ट टैक्स में की कटौती
पेट्रोल, डीजल और एटीएफ पर टैक्स में बदलाव
सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ (जेट फ्यूल) के निर्यात पर लगाए गए विंडफॉल प्रॉफिट टैक्स में कमी की है। यह नया नियम 1 जून से प्रभावी होगा। घरेलू उपयोग के लिए ईंधन पर टैक्स की दरें यथावत रहेंगी। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल के निर्यात पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) को 3 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 1.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसी तरह, डीजल के निर्यात पर टैक्स को 16.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 13.5 रुपये प्रति लीटर किया गया है.
एटीएफ पर टैक्स में कमी
इसके अलावा, हवाई जहाज के ईंधन एटीएफ पर टैक्स को 16 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 9.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। ये नई दरें भी 1 जून से लागू होंगी। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू उपयोग के लिए पेट्रोल और डीजल पर लागू सड़क एवं अवसंरचना उपकर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हाल के महीनों में, सरकार ने अप्रत्याशित लाभ कर (विंडफॉल प्रॉफिट टैक्स) में कई बार संशोधन किया है, जो कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है.
क्यों हो रहा है टैक्स में उतार-चढ़ाव?
इस साल फरवरी के अंत में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के माध्यम से कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने से घरेलू बाजार में इसकी उपलब्धता प्रभावित हुई है। पहले पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर भारी शुल्क लगाए गए थे, जिन्हें समय-समय पर समीक्षा के बाद घटाया गया है। यह कदम घरेलू बाजार में ईंधन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए उठाया गया है। मंत्रालय ने कहा कि यह टैक्स व्यवस्था घरेलू बाजार में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और वैश्विक कीमतों में अंतर का अनुचित लाभ उठाने से रोकने के लिए लागू की गई थी.
