सपा सांसद इकरा हसन पर FIR, सड़क जाम करने का आरोप
सहारनपुर में राजनीतिक विवाद
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के शामली जिले के जसाला गांव में कश्यप समाज के युवक मोनू की मृत्यु के मामले ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस मामले में समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। उन पर आरोप है कि सांसद और उनके समर्थकों ने DIG कार्यालय के बाहर सड़क जाम कर यातायात को बाधित किया।
आरोपियों की सूची
इकरा हसन समेत अन्य आरोपी
पुलिस द्वारा दर्ज FIR में 7 व्यक्तियों को नामजद किया गया है, जबकि 20 से 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। नामजद आरोपियों में सांसद इकरा हसन के साथ पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप, तेजपाल सिंह, अजय, अनुज, शीशपाल और सत्यपाल शामिल हैं। यह मामला सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा की तहरीर पर दर्ज किया गया है।
सड़क जाम करने का मामला
DIG कार्यालय के बाहर हंगामा
इकरा हसन और अन्य 7 के खिलाफ BNS की धारा 191 (2), 221, 132 और 126 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। FIR के अनुसार, 19 मई को दोपहर लगभग 2:15 बजे चौकी प्रभारी को सूचना मिली कि DIG कार्यालय के बाहर कुछ लोग सड़क जाम कर रहे हैं।
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो इकरा हसन अपने समर्थकों के साथ सड़क जाम कर हंगामा कर रही थीं। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। ट्रैफिक पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन जाम लगाने वालों ने बाधा डाली, जिससे सरकारी कार्य में रुकावट आई।
