सपा का विधानसभा में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी
सपा का विरोध प्रदर्शन
लखनऊ, चार अगस्त: समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधानसभा परिसर में प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी, प्रश्नपत्र लीक और अन्य मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश कर रही है, जबकि वह मूल बजट का 30 प्रतिशत भी खर्च नहीं कर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया, "यह सरकार चंदा चोर, चढ़ावा चोर और बजट चोर है।"
यादव ने कहा कि जब एक पार्टी के शासन में भगवान राम के मंदिर के चढ़ावे को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो लोगों को उससे कोई उम्मीद नहीं रह गई है। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में मुख्य आरोपियों के खिलाफ सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है।
यादव ने यह भी दावा किया कि बिहार की बांकीपुर और मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की हार, 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उसकी पराजय का संकेत है।
उन्होंने कहा, "अगले विधानसभा चुनाव में सपा भाजपा का 'सफाया' कर देगी।" इससे पहले, यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "जिस सरकार का मूल बजट 30 से 50 प्रतिशत तक खर्च नहीं हो पाया, वह अब अनुपूरक बजट के नाम पर अपनी नाकामी छिपाने निकली है।"
उन्होंने यह भी पूछा कि भाजपा बताए कि जब रामलला के दरबार में चढ़ावे को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तब प्रदेश के खजाने की जवाबदेही पर जनता कैसे भरोसा करे।
सपा के सदस्यों ने सोमवार को भी विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उत्तर प्रदेश सरकार मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी।
मानसून सत्र का समापन छह अगस्त को होगा।
