शादी के पांच दिन बाद दुल्हन के गर्भवती होने का मामला, पुलिस जांच में जुटी
चौंकाने वाला मामला
श्री बंशीधरनगर। कधवन गांव के भुइयां टोला में एक अनोखा मामला सामने आया है, जो शादी के केवल पांच दिन बाद ही चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कधवन गांव के कुंदन भुइंया की शादी 7 मई को जमुई गांव में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी के बाद दुल्हन ससुराल आई और सब कुछ सामान्य था। लेकिन 12 मई को ससुराल वालों को पता चला कि नवविवाहिता चार महीने की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और मामला थाने तक पहुंच गया।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसका पिछले एक साल से विकास चंद्रवंशी के साथ प्रेम संबंध था और गर्भ में पल रहा बच्चा उसी का है। उसने विकास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पति कुंदन ने कहा कि सुहागरात पर पत्नी ने किसी ओझा के कहने पर पांच साल तक दूरी बनाए रखने की बात कही थी, जिससे उसे शक हुआ। बाद में विकास का फोन आने पर पूरा मामला सामने आया।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि युवती का आवेदन मिल चुका है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। कुंदन ने युवती को अपने घर में रखने से मना कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने सुमित्रा को उसके मायके वालों को सौंप दिया।
