वीणा टी ने धन शोधन मामले में ईडी से पूछताछ टालने का किया अनुरोध
वीणा टी का ईडी से पूछताछ टालने का अनुरोध
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी, वीणा टी, ने ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से अपनी पूछताछ को टालने का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार, यह जानकारी बृहस्पतिवार को सामने आई।
ईडी ने वीणा को शुक्रवार को कोच्चि स्थित अपने कार्यालय में जांच के लिए उपस्थित होने का समन भेजा था। हालांकि, वीणा ने हाल ही में ईडी को एक ईमेल भेजकर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपनी पेशी को स्थगित करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी आवश्यक दस्तावेज जल्द ही उनके वकील के माध्यम से जमा कर दिए जाएंगे। ईडी के सूत्रों ने कहा कि एजेंसी उनकी पेशी के लिए नई तारीख तय करने और नया समन जारी करने पर विचार कर रही है।
ईडी की जांच उन आरोपों से संबंधित है, जिनमें कहा गया है कि सीएमआरएल ने वीणा की स्वामित्व वाली आईटी परामर्श कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ को बिना किसी सेवा के 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया।
ईडी के अनुसार, सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्ता द्वारा संचालित एक अन्य कंपनी ‘एम्पॉवर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने भी एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण दिया था, जबकि कंपनी समय पर भुगतान करने में विफल रही।
एजेंसी का आरोप है कि इन लेन-देन के माध्यम से शशिधरन कार्ता और वीणा से जुड़े सीएमआरएल प्रबंधन ने ‘अपराध से आय अर्जित की।’ यह मामला धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की एक अदालत में गंभीर धोखाधड़ी जांच विभाग (एसएफआईओ) द्वारा दायर अभियोजन शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
एसएफआईओ कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की जांच शाखा है। जनवरी 2019 में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान लगभग 130 करोड़ रुपये के संदिग्ध और कथित रूप से फर्जी खर्चों सहित कई अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके बाद सीएमआरएल केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर आया। पिछले महीने, ईडी ने इस मामले से जुड़े 10 ठिकानों पर तलाशी ली थी, जिनमें वीणा और उनके पति, पूर्व मंत्री पीए मोहम्मद रियास से जुड़े परिसर भी शामिल थे।
