लोकसभा अध्यक्ष ने मृतक प्रसूताओं के परिवारों को वितरित किए चेक
कोटा में चेक वितरण कार्यक्रम
जयपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कोटा सर्किट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान मृतक प्रसूताओं के परिवारों को जन सहयोग से एकत्रित की गई राशि के चेक वितरित किए। बिरला ने परिवारों के सदस्यों से आत्मीयता से बातचीत की, उनके बच्चों की देखभाल के बारे में जानकारी ली और उनके दुख में साझेदारी करते हुए आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में समाज, सरकार और प्रशासन उनके साथ हैं।
बिरला ने मृतक पायल के पति पवन मालवी, ज्योति वर्मा के पति रवि नायक, पिंकी के पति प्रकाश, शिरिन के पति मोहम्मद आशु और प्रिया महावर के पति रोहित महावर को पांच-पांच लाख रूपए के चेक सौंपे।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिन प्रसूताओं का निधन हुआ है, उनके परिवारों को सामाजिक-आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए जन सहयोग से एकत्रित की गई राशि के चेक दिए गए हैं। इसके साथ ही, प्रसूताओं के छोटे बच्चों के लालन-पालन और भविष्य में अच्छी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से मृतक प्रसूताओं के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के इस कार्य में एएसआई इण्डस्ट्रीज लिमिटेड, गोयल प्रोटीन्स लिमिटेड, एलन करियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड, सीएफसीएल लिमिटेड और इण्डियन रेड क्रॉस सोसायटी ने 5-5 लाख रूपए की सहायता दी।
