लखनऊ में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का उद्घाटन, रक्षा मंत्री करेंगे लोकार्पण
लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल (30 मई) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का उद्घाटन करेंगे। यह वाटिका भारतीय नौसेना की वीरता, पराक्रम और तकनीकी क्षमताओं को समर्पित है। सीजी सिटी में स्थापित यह वाटिका योगी सरकार की ओर से प्रदेशवासियों के लिए एक उपहार के रूप में देखी जा रही है.
प्रेरणास्रोत बनेगा संग्रहालय
यह संग्रहालय भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और युवाओं में राष्ट्रभक्ति तथा सैन्य गौरव की भावना को प्रोत्साहित करेगा। आगंतुक इस संग्रहालय के माध्यम से नौसेना के कर्तव्यों और पराक्रम पर गर्व महसूस करेंगे.
आईएनएस गोमती का आकर्षण
भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त पोत आईएनएस गोमती विशेष रूप से दर्शकों को आकर्षित करेगा। यह परियोजना भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से विकसित की गई है, जिसमें अत्याधुनिक ओपन एयर म्यूजियम और इंटरप्रिटेशन सेंटर शामिल हैं.
युवाओं में राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा
नौसेना शौर्य वाटिका में स्थापित आईएनएस गोमती, जो 28 मई 2022 को सेवा से रिटायर हुआ था, मुख्य आकर्षण होगा। इसके अलावा, एंकर, एके-726 मीडियम रेंज तोप, और अन्य उपकरण भी प्रदर्शित किए जाएंगे। पर्यटक यहां भारतीय नौसेना के इतिहास, युद्ध अभियानों, तकनीकी दक्षता और समुद्री सुरक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह स्थल बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभक्ति और रक्षा सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
