लखनऊ में शिवानी सिंह हत्या मामले का खुलासा: प्रेमी गिरफ्तार
लखनऊ में शिवानी सिंह की हत्या की गुत्थी सुलझी
उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने शिवानी सिंह की हत्या के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सगाई के चार दिन बाद हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। जांच में यह सामने आया कि शिवानी की हत्या उसके 7 साल पुराने प्रेमी प्रेम कुमार मांझी ने जलन और शक के चलते की। आरोपी ने पहले उसका गला घोंटा और फिर सीमेंट की ईंट से सिर कुचला।
पुलिस के अनुसार, शिवानी 17 मई को दोपहर 1 बजे ऑफिस जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह रात तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच, सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी के जंगल में एक युवती का शव मिला। पुलिस ने शव की तस्वीर परिजनों को दिखाई, जिसके बाद मां गीता ने अपनी बेटी शिवानी के रूप में पहचान की।
आरोपी प्रेम कुमार ने अपराध स्वीकार किया
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से प्रेम कुमार मांझी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। प्रेम कुमार बिहार के छपरा जिले का निवासी है और लखनऊ के एल्डिको कॉलोनी में किराए पर रहता था। वह डिलीवरी बॉय का काम करता था।
आरोपी ने बताया कि वह शिवानी के साथ कई वर्षों से रिश्ते में था, लेकिन हाल के महीनों में शिवानी अपने सहकर्मी मनीष के करीब आ गई थी। दोनों की तस्वीरें और बातचीत देखकर प्रेम कुमार के मन में शक और जलन बढ़ गई, जिसके चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
हत्या की वारदात का विवरण
रविवार रात, प्रेम कुमार ने शिवानी को बाइक पर बैठाकर आवास विकास योजना के पास जंगल में ले गया। वहां उसने वाटर लेवलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले रबर पाइप से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद, उसने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए पास पड़ी सीमेंट की ईंट से उसका सिर कुचल दिया। वारदात के बाद, उसने शिवानी का मोबाइल तेलीबाग नहर में फेंक दिया।
शिवानी अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ एल्डिको उद्यान में रहती थी। उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था। उसकी मां घरों में काम करती थीं और पिता शटरिंग मजदूर थे। शिवानी नौकरी कर परिवार का सहारा बन रही थी। 14 मई को उसकी प्रकाश नाम के युवक से सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
परिवार के अनुसार, प्रेम कुमार को सगाई से कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन उसने वारदात को अंजाम दिया क्योंकि उसे शक था कि उनकी बेटी ऑफिस के सहकर्मी के साथ घूमती है। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। हत्या में इस्तेमाल की गई सीमेंट की ईंट बरामद कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
