लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन
लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने एक भव्य पथ संचलन का आयोजन किया, जिसमें 289 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यह कार्यक्रम सरस्वती कुंज से प्रारंभ होकर विभिन्न स्थानों से होते हुए सम्पन्न हुआ। स्थानीय नागरिकों ने स्वयंसेवकों का स्वागत किया और इस अवसर पर संघ के कई प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित रहे। जानें इस आयोजन के बारे में और अधिक जानकारी।
| Jun 5, 2026, 18:41 IST
लखनऊ में पथ संचलन का आयोजन
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने विकास वर्ग-प्रथम प्रशिक्षण के तहत आज एक भव्य पथ संचलन का आयोजन किया। यह प्रशिक्षण वर्ग 22 मई से सरस्वती कुंज, निराला नगर, लखनऊ में चल रहा है, जिसमें काशी, कानपुर, गोरक्ष और अवध प्रांतों के 289 कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।
ज्येष्ठ मास की कृष्ण पक्ष चतुर्थी, विक्रम संवत 2083 पर सायं 6 बजे पथ संचलन सरस्वती कुंज, निराला नगर से प्रारंभ हुआ। यह संचलन आठ नम्बर चौराहा, विवेकानन्दपुरी, महानगर, आईटी मेट्रो स्टेशन (अयोध्या मार्ग), आईटी चौराहा और श्री रामकृष्ण मठ के सामने से होते हुए पुनः वर्ग स्थल पर समाप्त हुआ।
पथ संचलन के दौरान स्थानीय नागरिकों ने स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की। संघ के घोष वाद्य की मधुर धुनों के साथ स्वयंसेवकों ने अनुशासन, संगठन शक्ति, देशभक्ति और सामूहिकता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण वर्ग के सर्वाधिकारी सरदार स्वर्ण सिंह जी, वर्ग कार्यवाह डॉ. देवेन्द्र अस्थाना, वर्ग पालक मिथिलेश नारायण जी, क्षेत्र प्रचारक अनिल जी और क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख अखिलेश जी सहित अन्य प्रमुख अधिकारी महानगर-10, अयोध्या मार्ग स्थल पर उपस्थित रहे और पथ संचलन का अवलोकन किया।
