लखनऊ में नाबालिग का अपहरण: आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग का अपहरण और धर्म परिवर्तन का मामला
लखनऊ। मडियांव क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग का अपहरण, धर्म परिवर्तन और लव जिहाद का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने इस घटना की लिखित शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। आरोपी, कासिम खान, मडियांव के खुदान का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग 7 जून को शाम के समय सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान, आरोपी कासिम खान ने उसे जबरन अपनी चार पहिया गाड़ी में बिठा लिया और नशीला पदार्थ देकर चारबाग स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से दिल्ली ले गया। आरोपी दिल्ली के जीबी रोड पर होटल बुक करने की योजना बना रहा था।
आरोपी के साथ आए रिक्शा चालक ने सामाजिक कार्यकर्ताओं को इस संदिग्ध गतिविधि की सूचना दी, जिसमें उसने बताया कि एक मुस्लिम युवक एक हिंदू लड़की को जीबी रोड पर अनैतिक धंधों में बेचने की कोशिश कर रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और पुलिस को बुलाया। पुलिस ने दोनों को लाहौरी गेट थाने ले जाकर पीड़ित परिवार को सूचित किया। 8 जून को सुबह 11 बजे पीड़ित परिवार दिल्ली के लिए रवाना हुआ और 9 जून की रात करीब 2 बजे नाबालिग को लेकर लखनऊ वापस आया। पीड़ित पिता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पिता ने बताया कि उन्होंने 7 जून की रात को मडियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और नाबालिग को बरामद करने के लिए कोई पुलिसकर्मी उनके साथ दिल्ली नहीं गया। एसीपी अलीगंज ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
