रीवा कॉलेज में शिक्षक की अश्लील हरकतें, छात्रा ने की शिकायत
घिनौनी हरकत का मामला
रीवा क्राइम न्यूज़: रीवा के पीएमश्री मॉडल साइंस कॉलेज में एक अतिथि शिक्षक द्वारा एक छात्रा के साथ अश्लील चैटिंग और प्रताड़ना का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भूगोल विभाग में कार्यरत शिक्षक अमित साहू ने बीए प्रथम वर्ष की एक छात्रा को WhatsApp पर आपत्तिजनक संदेश भेजे और उसे अपने कमरे में बुलाने का दबाव डाला। इस घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
सूत्रों के अनुसार, सागर निवासी अमित साहू पिछले एक वर्ष से कॉलेज में भूगोल पढ़ा रहा था। वह लंबे समय से छात्रा से व्यक्तिगत बातचीत करने की कोशिश कर रहा था। पिछले महीने उसकी हरकतें बढ़ गईं, जब उसने छात्रा को WhatsApp पर संदेश भेजा, जिसमें लिखा था, 'तुम मुझे अच्छी लगती हो, रूम पर आ जाओ।'
जब छात्रा ने इसका विरोध किया और आने से मना कर दिया, तो शिक्षक ने उसे करियर और पढ़ाई के नाम पर अप्रत्यक्ष रूप से धमकाना शुरू कर दिया। उसने संदेश में लिखा, 'मैं नहीं चाहता कि तुम्हें कोई परेशानी हो, सोच लो अगर मन हो तो बता देना।'

‘मैसेज डिलीट कर दो, वरना ठीक नहीं होगा’
जब छात्रा ने इस प्रताड़ना की शिकायत करने का साहस जुटाया, तो आरोपी शिक्षक ने उसे डराने की कोशिश की। उसने कहा, 'तुमने मेरा विश्वास तोड़ा है। अब किसी से कुछ मत कहो और सारे मैसेज डिलीट कर दो, नहीं तो अंजाम ठीक नहीं होगा।' हालांकि, छात्रा ने डरने के बजाय सबूत के तौर पर मैसेज के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखे और अपने परिजनों व कॉलेज प्रबंधन को पूरी जानकारी दी।
छात्रों का उग्र प्रदर्शन और कार्रवाई
इस मामले के उजागर होते ही कॉलेज के छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपी शिक्षक को बर्खास्त करने की मांग की। बढ़ते दबाव के बीच कॉलेज प्रबंधन ने एक जांच समिति का गठन किया। जब साक्ष्य प्रस्तुत किए गए, तो आरोपी अमित साहू ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया और लिखित में माफी मांगी। कॉलेज प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत पद से हटा दिया।
