राजस्थान संरक्षित क्षेत्र संरक्षण समिति की बैठक में 144.43 करोड़ का बजट स्वीकृत
बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
जयपुर में, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में सोमवार को राजस्थान संरक्षित क्षेत्र संरक्षण समिति (RPACS) की सामान्य सभा का आयोजन हुआ। इस बैठक में राज्य के संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीवों के संरक्षण और प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 144.43 करोड़ रुपये की वार्षिक बजट और कार्ययोजना को मंजूरी दी गई।
मुख्य सचिव ने बताया कि इस बजट का उपयोग आवास सुधार, ग्राम पुनर्वास, घासभूमि विकास, जल स्रोत विकास, संरक्षण अवसंरचना, वन्यजीव संरक्षण, अनुसंधान, निगरानी और मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण जैसी गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
सामान्य सभा ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना की प्रगति की समीक्षा की और 62.42 करोड़ रुपये के व्यय पर संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही कार्यकारी समिति की अनुशंसाओं, वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित लेखों और ऑडिट रिपोर्ट को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में रैप्टर संरक्षण, वन्यजीवों के लिए वर्षभर पेयजल उपलब्धता, स्वैच्छिक ग्राम पुनर्वास और शिकार आधार संवर्धन के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधानों को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा, केन्द्र सरकार के प्रतिनिधियों और विषय विशेषज्ञों को समिति से जोड़ने और वर्ष 2026 में राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
