राजगढ़ में पेट्रोल पंप पर आग लगने से 13 लोग झुलसे, मंत्री ने किया घायलों से मुलाकात
राजगढ़ में पेट्रोल पंप पर आग की घटना
राजगढ़ जिले के पचोर में सोमवार रात को एक पेट्रोल पंप पर आग लगने से 13 लोग झुलस गए। इस घटना में 12 मोटरसाइकिल और एक डीजल टैंकर भी जलकर खाक हो गए। मंगलवार को इस घटना का एक नया वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक अस्पताल जाने के बजाय अपने पैसे की चिंता करता हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो में युवक सड़क के किनारे पानी से भरी सीमेंट की टंकी के पास बैठा है, उसके कपड़े जलकर उसके शरीर से चिपक गए हैं। आसपास के लोग उस पर पानी डालकर राहत देने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच एंबुलेंस पहुंचती है और लोग उसे अस्पताल जाने के लिए कहते हैं, लेकिन युवक कहता है, "मेरे पास पैसे हैं।" एक व्यक्ति उसे समझाता है कि पहले इलाज जरूरी है।
जानकारी के अनुसार, पचोर शहर के बीच स्थित चुन्नीलाल मुन्नालाल एंड संस फर्म का भारत पेट्रोल पंप है। घटना के समय 12 हजार लीटर क्षमता वाले डीजल टैंकर से ईंधन निकाला जा रहा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इसी दौरान एक बाइक में स्पार्क हुआ, जिससे आग भड़क गई।
बताया गया है कि पंप पर केन में भी ईंधन भरा जा रहा था, जिससे आग तेजी से फैल गई। कुछ ही क्षणों में पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। लपटें इतनी तेज थीं कि वहां मौजूद लोगों को संभलने या वाहन हटाने का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में 13 लोग झुलस गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पचोर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया ने बताया कि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इंदौर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज पचोर और शाजापुर के अस्पतालों में चल रहा है।
पेट्रोल पंप पर सुरक्षा मानकों के पालन और घटना के दौरान ईंधन भरने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है।
मंत्री गौतम टेटवाल ने घायलों से की मुलाकात
राजगढ़ जिले के पचोर स्थित पेट्रोल पंप पर आग लगने की घटना के बाद मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गौतम टेटवाल मंगलवार सुबह शाजापुर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने यहां घायलों से मुलाकात की और उनके इलाज के लिए भरोसा दिलाया।
मंत्री टेटवाल ने कहा कि राज्य सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने भी फोन किया था, जिसके बाद वे स्वयं अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने आए हैं।
पचोर में पेट्रोल पंप पर आग लगने की घटना में 12 लोग झुलसे हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। एक घायल को इंदौर रेफर किया गया है।
