राजकीय बीडीएम अस्पताल का निरीक्षण: स्वास्थ्य मंत्री ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की
स्वास्थ्य मंत्री का अस्पताल दौरा
जयपुर। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने शुक्रवार को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के राजकीय बीडीएम अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और उपचाराधीन मरीजों तथा उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में चर्चा की और उनका फीडबैक लिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं में गंभीर एनीमिया के मामलों की विशेष निगरानी की जाए और त्वरित उपचार के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार लाया जाए। इसके लिए आवश्यक दवाइयों, रक्त और अन्य चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाइयां, जांच सुविधाएं और मानवीय व्यवहार के साथ बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के बाद, स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवा वितरण, जांच सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के कार्यान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, चिकित्सा अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक कोटपूतली हंसराज पटेल, जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्कर राज गुर्जर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
