योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व के महत्व और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने की बात की। मुख्यमंत्री ने अयोध्या की महिमा और दीपोत्सव के आयोजन की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने की जानकारी भी साझा की। जानें और क्या कहा उन्होंने इस खास मौके पर।
 | 
योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री का दीपावली संदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दीपावली के इस पावन पर्व पर प्रदेश के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।


मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, 'त्योहार और पर्व शांति, एकता और सद्भाव का प्रतीक होते हैं, जो सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देते हैं।'


उन्होंने आगे कहा, 'दीपावली भारत की सनातन धर्म परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटने और रामराज्य की स्थापना की याद में मनाया जाता है। हजारों वर्ष पहले श्रद्धालुओं ने दीपों से अपने घरों को सजाकर इस पर्व को मनाना शुरू किया था।'


योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या उत्तर प्रदेश में है।' उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन परंपरा को 'दीपोत्सव' के माध्यम से पुनर्जीवित कर रही है और विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से अवगत करा रही है।