यूपी लेखपाल भर्ती 2025: पद विवरण में बदलाव, नया नोटिफिकेशन जल्द जारी होगा
यूपी लेखपाल भर्ती 2025 की नई जानकारी
यूपी लेखपाल भर्ती 2025
UP Lekhpal Vacancy 2025: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (UPSSSB) ने हाल ही में यूपी लेखपाल भर्ती 2025 के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती में कुल 7994 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 29 दिसंबर से शुरू होने वाली है, लेकिन इससे पहले ही पदों के विवरण को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। ओबीसी के लिए निर्धारित पदों को लेकर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, जिसके चलते पद विवरण में बदलाव की संभावना है। UPSSSB अगले सप्ताह नया नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।
आइए जानते हैं कि इस मामले की पूरी जानकारी क्या है? यूपी लेखपाल भर्ती में आरक्षण को लेकर क्या विवाद हुआ था? और अब क्या बदलाव होने की उम्मीद है? इस विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
ओबीसी पदों में कमी पर विवाद
UPSSSB ने राजस्व परिषद में 7994 लेखपालों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इन पदों में से 4165 सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए हैं, जबकि EWS के लिए 792, ओबीसी के लिए 1441, एससी के लिए 1446 और एसटी के लिए 150 पद आरक्षित हैं। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ है।
संविधान के अनुसार, ओबीसी श्रेणी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इस हिसाब से यूपी लेखपाल भर्ती में ओबीसी के लिए 2158 पद आरक्षित होने चाहिए थे, लेकिन UPSSSC ने केवल 1441 पद आरक्षित किए हैं। इस पर प्रदेश में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे ओबीसी के अधिकारों का हनन बताया है, वहीं पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी इस मुद्दे को उठाया है।
सीएम योगी की नाराजगी और बदलाव की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों पर नाराजगी जताई है। इसके बाद अब पद विवरण में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजस्व परिषद को निर्देश दिया गया है कि वह UPSSSC को संशोधन का प्रस्ताव जल्द भेजे।
संशोधित प्रस्ताव एक सप्ताह में भेजा जाएगा
राजस्व परिषद की आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा ने UPSSSB को एक पत्र भेजा है, जिसमें बताया गया है कि लेखपाल के स्वीकृत पदों के लिए मंडल स्तर पर रिक्तियों की गणना की गई थी। इसी आधार पर UPSSSB को जानकारी दी गई थी। उन्होंने पत्र में यह भी बताया है कि जिला स्तर पर लेखपाल के खाली पदों की नई जानकारी प्राप्त हुई है।
यूपी सरकार ने राजस्व परिषद को एक सप्ताह के भीतर संशोधित प्रस्ताव UPSSSB को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि UPSSSB आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले संशोधित पद विवरण के साथ नया नोटिफिकेशन जारी करेगा।
ये भी पढ़ें-UP Lekhpal Bharti 2025: UP में लेखपाल को कितनी मिलती है सैलरी? 7994 पोस्ट पर निकली वैकेंसी
