यमन के तट पर भारतीय जहाज पर हमला, सभी नागरिक सुरक्षित
यमन में भारतीय वाणिज्यिक जहाज पर हमला
नई दिल्ली, चार अगस्त: मंगलवार को यमन के तट के निकट एक भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ। इस घटना की जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी। मंत्रालय के अनुसार, जहाज में 13 भारतीय नागरिक मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है।
भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और कहा है कि इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हम भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज ‘एमएसवी फैज नूर ओलिया’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं, जो चार अगस्त को यमन के तट के पास लाल सागर में डूब गया।'
मंत्रालय ने आगे बताया कि सभी 13 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। रियाद में स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर बनाए हुए है और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमन के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को बचाने में सहयोग देने के लिए यमन के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। मंत्रालय ने कहा, 'इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं।'
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार, क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से स्वतंत्र एवं निर्बाध आवागमन तथा व्यापार को शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।'
