मोहाली में प्रेमिका की हत्या: पूर्व प्रेमी ने चाकू से किया हमला
मोहाली हत्या मामला
मोहाली हत्या मामला: पंजाब के मोहाली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। फेज-11 में स्थित बेस्टेक मॉल के पास एक निजी कार्यालय में काम करने वाली 30 वर्षीय महिला की उसके पूर्व प्रेमी ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस भयावह घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से कई वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों को गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पटियाला की निवासी डिंपल (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम हरविंदर सिंह मान उर्फ हैरी (34 वर्ष) है। दोनों पिछले तीन वर्षों से मोहाली के फेज-11 में एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में सहकर्मी थे.
प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन लगभग छह महीने पहले उनका ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद हरविंदर मानसिक तनाव में था और डिंपल पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था, लेकिन डिंपल ने उससे दूरी बना ली थी। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई.
सहकर्मियों के सामने हमला
यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। गुरुवार शाम को डिंपल अपनी डेस्क पर काम कर रही थी, तभी हरविंदर वहां पहुंचा और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर हरविंदर ने अपने पास छिपा हुआ चाकू निकाला और डिंपल पर हमला कर दिया.
पंजाब के मोहाली में सनसनीखेज वारदात
एकतरफा प्यार में युवती को चाकू मारा, मौत #Mohali #Punjab | @karunashankar pic.twitter.com/LTXxQKOyoO— TV9 Bharatvarsh (@TV9Bharatvarsh) June 5, 2026
डिंपल ने अपनी जान बचाने के लिए दफ्तर में इधर-उधर भागने की कोशिश की, लेकिन हरविंदर ने उसे दौड़ाकर चाकू से गोद दिया। अन्य कर्मचारियों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर डराया और डिंपल पर हमला करता रहा.
आत्महत्या का प्रयास
डिंपल को गंभीर रूप से घायल करने के बाद हरविंदर ने उसी चाकू से खुद पर भी कई वार किए और आत्महत्या का प्रयास किया। दफ्तर में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। हरविंदर की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

पंजाब के मोहाली में सनसनीखेज वारदात