मोतिहारी में जहरीली शराब से चार मौतें, कई लोग अस्पताल में भर्ती
मोतिहारी में जहरीली शराब कांड
मोतिहारी: मोतिहारी में एक संदिग्ध जहरीली शराब कांड में चार व्यक्तियों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल में भर्ती दो लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई है। यह घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में हुई।
पिछले बुधवार (1 अप्रैल) की रात, 30 से 40 लोगों ने स्प्रिट से बनी शराब का सेवन किया, जिसके बाद एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई। इसके अलावा, कई लोगों की तबियत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो चुकी है।
हालांकि, मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के प्रमोद यादव के रूप में हुई है, जिनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के कारण की पुष्टि हो सके। चौथे व्यक्ति की मौत शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान हुई, जिसकी पहचान परीक्षण माझी के रूप में हुई है। इससे पहले चंदू की मौत के बाद परिजनों ने शव को जला दिया था।
जहरीली शराब के सेवन के बाद लड्डू साह और लोहा सिंह की तबियत भी बिगड़ गई थी। फिलहाल, दोनों का इलाज चल रहा है, लेकिन वे बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं। लड्डू साह और लोहा सिंह की आंखों की रोशनी अभी तक वापस नहीं आई है।
मोतिहारी के रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना की पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया है और जहरीली शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। तुरकौलिया थाना पुलिस ने गुरुवार रात पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अभी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
