मृत्यु के बाद आत्मा की यात्रा: गरुड़ पुराण के रहस्य

मृत्यु के बाद आत्मा की यात्रा
हिंदू धर्म के ग्रंथों के अनुसार, जब किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उसकी आत्मा शरीर को छोड़कर अपने कर्मों के अनुसार स्वर्ग या नर्क की ओर बढ़ती है। कठोपनिषद और गरुड़ पुराण में आत्मा की विभिन्न अवस्थाओं, यमलोक, स्वर्ग और नर्क का विस्तृत विवरण दिया गया है।
गरुड़ पुराण में भगवान विष्णु ने पक्षीराज गरुड़ को यममार्ग और नर्क के रहस्यों के बारे में बताया है। इसमें बताया गया है कि इस ब्रह्मांड में कुल 84 लाख नर्क हैं, जिनमें से 21 प्रमुख हैं— तामिस्र, लोहशंकु, महारौरव, शल्मली, रौरव, कुड्मल, कालसूत्र, पूतिमृत्तिक, संघात, लोहितोद, सविष, संप्रतापन, महानिरय, काकोल, संजीवन, महापथ, अविचि, अंधतामिस्र, कुंभीपाक, संप्रतापन और तपन।
इन नर्कों में वे पापी जीव भेजे जाते हैं जो धर्म से विमुख होते हैं और अपने बुरे कर्मों के कारण स्वर्ग के योग्य नहीं बनते। यहां यमदूत पापियों को उनके पाप के अनुसार भयानक यातनाएं देते हैं।
मृत्यु के बाद, आत्मा को सबसे पहले चित्रगुप्त के सामने पेश किया जाता है। चित्रगुप्त, यमराज के सेवक और सभी जीवों के पाप-पुण्य का लेखा रखने वाले अधिकारी हैं। वे आत्मा को उसके कर्मफल सुनाते हैं, और फिर अदालत की तरह यह तय किया जाता है कि आत्मा स्वर्ग जाएगी या नर्क।
जब आत्मा को नर्क भेजने का निर्णय होता है, तो यमराज अपने दूत— चंड और प्रचंड— को आदेश देते हैं कि पापी आत्मा को पाश में बांधकर यमलोक से नर्क ले जाया जाए। गरुड़ पुराण में नर्क का वर्णन करते हुए कहा गया है कि यहां एक अग्नि की तरह दहकता हुआ शाल्मली वृक्ष है, जिसका विस्तार 20 कोस (लगभग 40 किलोमीटर) और ऊंचाई एक योजन (लगभग 12 किलोमीटर) है। यमदूत पापियों को इस वृक्ष पर बांधकर कठोर दंड देते हैं।
गरुड़ पुराण यह भी बताता है कि वे लोग नर्क भोगते हैं, जो केवल अपने और अपने परिवार के लिए धन अर्जित करते हैं और ईश्वर का ध्यान नहीं करते। ऐसे लोग पुण्य से विमुख होकर पाप के परिणामस्वरूप नर्क का कष्ट भोगते हैं।
इसलिए, यदि आप नर्क की यातनाओं से बचना चाहते हैं, तो अपने जीवन में अन्न और धन का दान अवश्य करें, धर्म मार्ग पर चलें और ईश्वर का स्मरण करते रहें।