मुरैना में बेटी की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया जहर देने का आरोप
मुरैना में एक पिता का दर्द
मुरैना समाचार: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता को अपनी प्यारी बेटी की विदाई के बाद उसकी हत्या का संदेह हुआ। यह संदेह इतना गहरा था कि पुलिस को श्मशान घाट जाकर जल चुकी चिता से अस्थियां और अवशेष इकट्ठा करने पड़े। अब फॉरेंसिक जांच और हड्डियों के नमूने यह तय करेंगे कि आठ साल पहले खुशी-खुशी विदा हुई क्रांति की मौत प्राकृतिक थी या उसे जानबूझकर मारा गया।
यह घटना महुआ थाना क्षेत्र के मिढ़ेला गांव की है, जहां सुरेंद्र सिंह तोमर ने अपनी बेटी क्रांति की शादी 2018 में रन्हेरा निवासी अरविंद परिहार से बड़े अरमानों से की थी। दो दिन पहले अचानक खबर आई कि क्रांति की तबीयत बिगड़ गई है और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
दुखी परिवार ने बिना किसी संदेह के बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन असली मोड़ तब आया जब दाह संस्कार के अगले दिन पिता को कुछ ऐसी बातें सुनने को मिलीं, जिन्होंने उनके पैरों तले जमीन खिसका दी। सुरेंद्र सिंह का आरोप है कि उन्हें बाद में पता चला कि उनकी बेटी बीमार नहीं थी, बल्कि उसे ससुरालवालों ने जहर दिया था। इसी आधार पर उन्होंने महुआ थाने में न्याय की गुहार लगाई।
ससुरालवालों की चुप्पी
पीड़ित पिता के अनुसार, जब क्रांति की हालत बिगड़ी तो ससुराल वाले उसे मुरैना ले गए और वहां से ग्वालियर रेफर किया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी भागदौड़ की भनक तक मायके वालों को नहीं लगने दी गई। ग्वालियर के रास्ते में ही क्रांति के मुंह से झाग निकलने लगा और उसने दम तोड़ दिया।
पिता का कहना है कि मौत के बाद भी ससुराल पक्ष ने सच्चाई छिपाने की कोशिश की, जिससे साफ होता है कि मामला संदिग्ध है। शिकायत मिलने पर महुआ पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी एसआई धर्मेंद्र सिंह गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची और चिता की राख से अस्थियां इकट्ठा कीं.
ससुरालवालों के खिलाफ कार्रवाई
महुआ थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पिता ने जहर देने का गंभीर आरोप लगाया है। चूंकि पोस्टमार्टम नहीं हुआ था, इसलिए श्मशान से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट और इलाज के दस्तावेजों के मिलान के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना के कारण रन्हेरा गांव में तनाव और सन्नाटा छाया हुआ है।
