मालपुरा में 50 करोड़ के जिला अस्पताल का शिलान्यास, मंत्री ने विकास योजनाओं की घोषणा की
जलदाय मंत्री का विकास कार्यों का ऐलान
जयपुर। जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने रविवार को टोंक जिले की नगरपालिका मालपुरा में घाटी रोड पर 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जिला अस्पताल भवन और 6 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रोड से सुईवालों की ढाणी मोड़ की ओर बनने वाली फोरलेन रोड का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों का शिलान्यास हो रहा है, उनका लोकार्पण भी हमारी सरकार ही करेगी।
मंत्री ने आगे बताया कि आने वाले समय में मालपुरा में 1500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य होंगे, जिसमें पेयजल लाइनें, ब्रह्म तालाब का सौंदर्यकरण, भूमिगत विद्युत लाइन, सड़क निर्माण, सीवरेज लाइन, पशु चिकित्सालय का नया भवन और आईटीआई की स्थापना शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जयपुर-भीलवाड़ा राज्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने का प्रयास भी किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन मिल सके।
मालपुरा नगरपालिका क्षेत्र में पिछले चार महीनों में लगभग 167 पीएम आवास योजना स्वीकृत किए गए हैं, जिससे गरीबों को रहने के लिए छत मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को सहायता प्रदान की है, जिसके तहत मालपुरा क्षेत्र में लगभग 140 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों के खातों में पहुंचा है।
जिला अस्पताल के निर्माण से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए जिला और राजधानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, सभी प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं यहां उपलब्ध रहेंगी। मंत्री ने जिला अस्पताल में रिक्त चिकित्सकों के पद जल्द भरने का आश्वासन दिया।
कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया और कहा कि परिवार के सदस्यों की संख्या के बराबर पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने पर जोर दिया।
समारोह के दौरान, कैबिनेट मंत्री ने पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये की किस्त के चेक वितरित किए। जिला अस्पताल की सौगात देने पर शहरवासियों ने मंत्री का 51 किलो की माला पहनाकर अभिनंदन किया। मंत्री ने भी हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर सभी का आभार व्यक्त किया।
