महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित पर्यटन पर जोर: निर्भया दिवस पर भव्य आयोजन
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक: अपर मुख्य सचिव शुक्ला
मध्यप्रदेश में नारी को शक्ति का प्रतीक माना जाता है, जो समाज में संस्कार, प्रेरणा और शक्ति का संचार करती है। अपर मुख्य सचिव गृह, पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास शिव शेखर शुक्ला ने आज अपैक्स भवन में आयोजित 'सुरक्षा संकल्प, संवाद एवं सम्मान' कार्यक्रम में यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं को मिलकर ऐसा वातावरण बनाना चाहिए कि प्रदेश में आने वाली पर्यटक महिलाएं और स्थानीय सेवा प्रदाता महिलाएं सुरक्षित और सहज महसूस करें।
इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन 'निर्भया दिवस' के अवसर पर मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, नारी सशक्तिकरण मिशन, संगिनी संस्था, पुलिस विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम में 600 से अधिक युवतियों ने भाग लिया।
महिला सुरक्षा के लिए पुलिस के प्रयास
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) अनिल कुमार ने पुलिस विभाग की पहलों के बारे में जानकारी दी, जिसमें निर्भया स्क्वाड, वन स्टॉप सेंटर, ऊर्जा डेस्क और डायल-112 जैसी सेवाएं शामिल हैं।
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस डॉ. मोनिका शुक्ला ने महिला सुरक्षा में समुदाय की भूमिका और पुलिस की कार्यप्रणाली पर चर्चा की। पुलिस उपमहानिरीक्षक (सामुदायिक पुलिसिंग) विनीत कपूर ने महिला सशक्तिकरण के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों और मध्य प्रदेश पुलिस की नवाचारों पर विस्तार से बताया। साइबर सेल के अधीक्षक प्रेम नागवंशी ने उपस्थित युवतियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
आत्मविश्वास और जेंडर संवेदीकरण पर जोर
राज्य महिला आयोग के सचिव सुरेश तोमर ने जेंडर संवेदीकरण पर चर्चा करते हुए क्षमता वृद्धि और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक सुनकवी जहां कुरैशी और पर्वतारोही सुज्योति रात्रे ने युवतियों को प्रेरित किया कि वे अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और किसी भी परिस्थिति में हार न मानें।
संगिनी संस्था की प्रमुख डॉ. प्रार्थना मिश्रा ने 'महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना' के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 से अधिक व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें सृजन और भोपाल टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर की बालिकाएं, सम्मान संस्था इंदौर के राजेंद्र बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता मीता वाधवा, रक्षंदा जाहिद, नैनिका और होम स्टे संचालक कीर्ति केवट शामिल थे।
कार्यक्रम में संघरत्ना एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुत 'शक्ति आराधना' नृत्य नाटिका ने दर्शकों को प्रेरित किया। इसके अलावा, पुलिस विभाग द्वारा प्रशिक्षित बालिकाओं ने 'पावर वॉक' का प्रभावी मंचन कर आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी
आयोजन स्थल पर पशु पालन विभाग, कौशल विभाग, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, इम्पैक्ट फॉर न्यूट्रिशन, वार्ड संस्था सहित कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा 20 से अधिक स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की विभिन्न योजनाओं और प्रयासों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संचालक डॉ. डी.पी. सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
