महिला ने प्रेमी के लिए अपने बच्चे की हत्या की स्वीकार की
संदिग्ध मौत का मामला
मेरठ जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र में एक सात महीने के बच्चे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की। मुरलीपुर गांव के निवासी अमित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी मीनाक्षी के व्यवहार को लेकर दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शिकायत के अनुसार, 30 मई को अमित की अनुपस्थिति में उनके बेटे रुद्रांश की मौत हो गई। परिवार ने बताया कि बच्चा बीमार था और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। लेकिन बाद में अमित को पत्नी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से एक युवक से लगातार संपर्क की जानकारी मिली, जिससे विवाद बढ़ गया। इसी दौरान पत्नी ने कथित तौर पर बच्चे की हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोप है कि महिला ने घर में अकेले होने पर बच्चे का गला दबाया और फिर सीने पर पैर रखकर उसकी जान ले ली। इसके बाद उसने बीमारी से मौत बताकर परिवार और ग्रामीणों को गुमराह किया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि आठ जून को मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि उसने घरेलू कलह और पति का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
