महिला ने अंगारों पर चलकर बेगुनाही साबित की, मामला मध्य प्रदेश का
छिंदवाड़ा में अनोखी अग्नि परीक्षा
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए अंगारों पर नंगे पैर चलने का साहस दिखाया। महिला का कहना है कि उसकी सास उस पर शक करती है और इस शक को दूर करने के लिए उसने यह 'अग्नि परीक्षा' दी। यह घटना सौसर ब्लॉक के ग्राम रामकोना में हुई।
महिला ने बताया कि उसकी सास ने उस पर टोना-टोटका करने का आरोप लगाया था और कहा कि उसने अपने बेटे को अपने वश में कर लिया है। इस आरोप को गलत साबित करने के लिए महिला ने मोहर्रम पर्व के दौरान एक दरगाह पर अंगारों पर चलने का निर्णय लिया। इस दौरान किसी ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
वीडियो में एक बाबा महिला को उसके रिश्तेदारों द्वारा लगाए गए आरोपों का सामना करते हुए देख सकते हैं। बाबा ने उसे निर्दोष साबित करने के लिए अंगारों पर चलने को कहा। महिला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसके ससुराल वाले उसे अपने पति को वश में करने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि उसने ऐसा कुछ नहीं किया। उसने बाबा की दरगाह में आकर अपनी बेगुनाही साबित करने का प्रयास किया। महिला ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने अपनी मर्जी से यह सब किया है और बाबा ने उसे ऐसा करने के लिए नहीं कहा।
इस मामले पर बाबा ने कहा कि महिला को उसके परिवार द्वारा कई दिनों से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि महिला की मंजूरी से ही यह सब किया गया। महिला के पति ने कहा कि उनके परिवार में भ्रम था कि उनकी पत्नी ने कुछ गलत किया है, लेकिन अब उनकी मां को विश्वास हो गया है कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया।
इस घटना पर विभिन्न संगठनों ने प्रतिक्रिया दी है और बाबा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मानव अधिकार आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और पुलिस से तीन सप्ताह में जवाब मांगा है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
