ममता बनर्जी ने तेनजिंग नोर्गे शेरपा को उनकी 111वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी

तेनजिंग नोर्गे शेरपा की जयंती पर श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को प्रसिद्ध पर्वतारोही तेनजिंग नोर्गे शेरपा की 111वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नोर्गे का साहसिक जज्बा दुनिया भर के साहसी व्यक्तियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने इस दिन को याद करते हुए 1953 में सर एडमंड हिलेरी और नोर्गे द्वारा माउंट एवरेस्ट पर की गई पहली सफल चढ़ाई का भी उल्लेख किया। बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महान पर्वतारोही तेनजिंग नोर्गे शेरपा को श्रद्धांजलि, जिनकी 111वीं जयंती आज मनाई जा रही है। उनका जज्बा सभी साहसी लोगों को प्रेरित करता है।”
सर एडमंड हिलेरी और तेनजिंग नोर्गे ने 29 मई, 1953 को 8,848 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट की चोटी पर चढ़ाई की थी, जो नौंवे ब्रिटिश अभियान का हिस्सा था। बनर्जी ने आगे कहा, “आज 72वां एवरेस्ट दिवस है, जो माउंट एवरेस्ट की पहली सफल चढ़ाई की ऐतिहासिक उपलब्धि को सम्मानित करता है। आइए, उस जज़्बे को याद करें जिसने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी को फतह किया।”