बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई है। बैहर-मलाजखंड मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे गिर गई और पलट गई। पलटने के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई, जिनमें एक 3 साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
बेकाबू कार में आग का गोला
कार चालक प्रीतम केलकर की पवनी में वेल्डिंग की दुकान है। वह तीन दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे के साथ पोंडी आया था। शनिवार की रात, वह अपने माता-पिता के साथ पवनी लौट रहा था। कार में 8 साल की बच्ची पूर्वी राहांगडाले भी उनके साथ थी। शनिवार रात लगभग 11 बजे, केवलारी चौराहे के पास उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद कार आग का गोला बन गई।
बाहर निकलने का मौका नहीं मिला
आग इतनी भयंकर थी कि उसमें सवार लोगों को कार से बाहर निकलने का कोई अवसर नहीं मिला। राह चलते लोगों ने किसी तरह कांच तोड़कर पहले पूर्वी राहांगडाले को निकाला, फिर गंभीर अवस्था में सीतम केलकर (30 वर्ष) और उसकी मां नानाबाई केलकर (60 वर्ष) को बाहर निकाला। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
तीन लोग जिंदा जल गए
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली कि केवलारी चौराहे के पास एक वाहन में आग लग गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। राहगीरों ने किसी तरह तीन लोगों को बाहर निकाला, लेकिन आग के विकराल होने के कारण कार चालक प्रीतम केलकर के पिता नगारची केलकर (65), पत्नी सविता केलकर (28), और पुत्र अभि केलकर (3 साल) कार के अंदर ही जिंदा जल गए।
हादसे की जांच जारी
हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना संभवतः नींद आने के कारण हुई, क्योंकि एक मोड़ के बाद कार सीधे सड़क से नीचे उतर गई। प्रीतम केलकर और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार में जिंदा जल गए लोगों के अवशेष निकाले जाते हुए दिखाए गए हैं। यह फुटेज बेहद विचलित करने वाले हैं।
