मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी को पकड़ा, भारी मात्रा में हथियार बरामद
मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई
इंफाल, चार अगस्त: मणिपुर के काकचिंग शहर में सुरक्षा बलों ने एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े 42 वर्षीय उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, कांगपोकपी जिले में एक अलग ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए। पुलिस ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए उग्रवादी का संबंध कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) से है, जिसे 'मेजर' के नाम से जाना जाता है। उसे सोमवार को वांगू मामेइचिंग क्षेत्र में उसके निवास से पकड़ा गया।
एक अन्य अभियान में, सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी के सैकुल पुलिस थाना क्षेत्र में मकोकचिंग जंगल की पहाड़ी श्रृंखला से हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए हथियारों में एक एम16 राइफल, सात पिस्तौल, एक मार्क-3 राइफल, एक स्नाइपर राइफल, एक .22 बोल्ट-एक्शन गन, 25 सिंगल-बैरल बंदूकें, विभिन्न कैलिबर के 76 कारतूस, चार पंपी, तीन हथगोले और बीस डेटोनेटर शामिल हैं।
इस अभियान के दौरान चार रेडियो सेट भी बरामद किए गए हैं।
