मणिपुर में राष्ट्रीय राजमार्गों की आवाजाही फिर से शुरू, शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मणिपुर में शांति की दिशा में उठाया गया कदम
इंफाल, 8 अगस्त - मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति को बहाल करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह और उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य के राष्ट्रीय राजमार्गों को सभी समुदायों के लिए फिर से खोला जाएगा। यह घोषणा कांगपोकपी जिले के दौरे के दौरान की गई, जहां मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मई 2023 में जातीय हिंसा के बाद से राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (इंफाल-दीमापुर) और राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (इंफाल-सिलचर) पर कुछ समुदायों की आवाजाही प्रभावित हुई थी।
दोनों राजमार्ग कांगपोकपी जिले से गुजरते हैं। कांगपोकपी पहुंचने पर, सिंह का स्वागत उपमुख्यमंत्री, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान, सिंह ने कहा कि मणिपुर का इतिहास लगभग तीन हजार साल पुराना है और सभी समुदायों ने राज्य की सीमाओं को आकार देने में योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि राज्य के भू-भाग की रक्षा के लिए विभिन्न समुदायों ने बलिदान दिया है। सिंह ने कहा, 'जो संघर्ष हुआ है, उसके कारण आने वाली पीढ़ियां प्रभावित हुई हैं। इसके प्रभाव को कम करने के लिए इंफाल-दीमापुर बस सेवा जल्द ही सभी समुदायों के लिए फिर से शुरू की जाएगी।' उन्होंने यह भी कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ स्वार्थी समूह लोगों के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी समुदायों से एक-दूसरे पर भरोसा करने और समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले भारतीय और फिर मणिपुरी के रूप में पहचानना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर के विकास के बिना भारत का विकास अधूरा रहेगा और कांगपोकपी जिले के विकास के बिना मणिपुर की प्रगति अधूरी रहेगी।
कांगपोकपी जिला मुख्यालय में एक डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन करते हुए, सिंह ने कहा कि सभी को पुरानी बातों को भुलाकर एक-दूसरे को माफ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार संघर्ष से उत्पन्न स्थिति को गंभीरता से ले रही है।
सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'आज मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन और राजग के विधायकों की उपस्थिति में यह निर्णय लिया गया कि इंफाल-गुवाहाटी बस सेवा जल्द ही फिर से शुरू की जाएगी और राष्ट्रीय राजमार्ग सभी समुदायों के लिए खोले जाएंगे।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'इन कदमों से आवागमन और संपर्क में सुधार होगा, आपसी विश्वास फिर से स्थापित होगा और लोगों के बीच संबंध मजबूत होंगे। आइए, हम सभी शांति, मेल-मिलाप और उम्मीद के साथ एक शांतिपूर्ण और एकजुट मणिपुर के लिए मिलकर आगे बढ़ें।'
इस अवसर पर, उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पूरे देश की संपत्ति हैं और उन पर सभी लोगों की पहुंच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'राष्ट्रीय राजमार्ग किसी एक व्यक्ति या समूह की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की संपत्ति हैं। मैं भी इस बात से सहमत हूं कि राजमार्गों पर सभी लोगों की आवाजाही की अनुमति होनी चाहिए।'
