भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर
ठंड और कोहरे का असर
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े क्षेत्रों में भीषण शीतलहर और घना कोहरा देखने को मिला, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ और परिवहन सेवाएं बुरी तरह बाधित रहीं। जम्मू-कश्मीर के ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी जारी है, जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं।
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में स्थिति
उत्तराखंड के हरिद्वार में ठंड के साथ घने कोहरे ने दृश्यता को कम कर दिया। सुबह से ठंडी हवाएं चल रही थीं, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की गति धीमी हो गई। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी कोहरे और शीतलहर का प्रभाव बना रहा। आगरा में कोहरा अपेक्षाकृत कम था, जिससे ताजमहल स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
कानपुर और प्रयागराज में ठंड
कानपुर और प्रयागराज में भी शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। लोग अलाव के चारों ओर बैठकर गर्म रहने का प्रयास कर रहे थे। मुरादाबाद में भी ऐसे ही दृश्य देखने को मिले। अयोध्या में कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही, जबकि वाराणसी में शीतलहर का असर जारी रहा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी कोहरा छाया रहा।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
कश्मीर घाटी में तापमान में गिरावट के कारण शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। श्रीनगर में डल झील पर पर्यटकों की भीड़ देखी गई। एक पर्यटक ने बताया, 'हम पिछले तीन दिनों से यहां हैं। पहले पहलगाम गए थे, जहां थोड़ी बर्फबारी देखी। हमने नया वर्ष यहीं मनाया, लेकिन बर्फबारी नहीं हुई। मौसम सुहाना है और प्रदूषण नहीं है।' जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पीर पंजाल रेंज में भारी बर्फबारी जारी है।
ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट
दो जनवरी, 2026 की सुबह भुवनेश्वर, खुर्दा और ओडिशा के अन्य हिस्सों में घने कोहरे की मोटी चादर छा गई। मौसम विभाग ने खुर्दा और कटक सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, क्योंकि दृश्यता कई स्थानों पर 50 मीटर तक घट गई।
स्मॉग के कारण परिवहन के सभी साधनों में बड़ी रुकावटें आईं। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब दृश्यता के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। कई लंबी दूरी की ट्रेनें, विशेषकर उत्तर भारत से आने वाली, जैसे राजधानी और नीलांचल एक्सप्रेस, तीन से दस घंटे की देरी से चल रही थीं।
नेशनल हाईवे-16 पर दृश्यता खतरनाक बनी रही। मौसम विभाग ने बताया कि उच्च आद्रता और धीमी हवा के कारण यह स्थिति बनी रहने की संभावना है। तेलंगाना के हैदराबाद के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर के कारण कोहरा छाया रहा।
