भारत ने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते 24 पदक, चीन के बाद दूसरा स्थान

भारत का शानदार प्रदर्शन
26वीं एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप, जो साउथ कोरिया के गुमी में आयोजित की गई, में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। भारतीय एथलीटों ने इस प्रतियोगिता में कुल 24 पदक जीते, जो 2017 के बाद का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत ने 8 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदक अपने नाम किए, जिससे वह पॉइंट्स टेबल में चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहा। चीन ने 19 स्वर्ण पदक के साथ पहले स्थान पर कब्जा जमाया। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने कई नए रिकॉर्ड भी बनाए, जिससे भारत की ओलंपिक में पदक जीतने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "साउथ कोरिया में आयोजित एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर भारत को गर्व है। प्रतियोगिता के दौरान हर एथलीट की मेहनत स्पष्ट रूप से दिखाई दी। एथलीटों के भविष्य के लिए शुभकामनाएं।"
भारत का प्रदर्शन कैसा रहा?
गुमी में 1 जून को समाप्त हुई एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने ट्रैक और फील्ड दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीते और 5,000 मीटर दौड़ में नया रिकॉर्ड भी बनाया। अविनाश साबले ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण पदक जीता, जबकि ज्योति याराजी ने 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पर कब्जा जमाया।
रुपल चौधरी का ऐतिहासिक प्रदर्शन
रिले में मिक्स और महिलाओं की 4×400 मीटर में भारत ने स्वर्ण पदक जीता। रुपल चौधरी ने तीन पदक जीतकर सबको चौंका दिया। उन्होंने महिलाओं की रिले में स्वर्ण, महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में रजत और मिक्स रिले में कांस्य पदक जीता।
फील्ड इवेंट में भारतीयों का दबदबा
फील्ड इवेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। पूजा सिंह ने महिलाओं की हाई जंप में स्वर्ण पदक जीता। नंदिनी अगासरा ने हेप्टाथलॉन में जीत हासिल की। अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर स्प्रिंट में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए कांस्य पदक जीता। पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3,000 मीटर स्टीपलचेज में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए रजत पदक अपने नाम किया। सचिन यादव (जैवलिन थ्रो), प्रवीण चित्रवेल (ट्रिपल जंप) और तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन) ने भी रजत पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया।
जापान को पीछे छोड़ते हुए
इस चैंपियनशिप में चीन ने कुल 32 पदकों में से 19 स्वर्ण पदक के साथ अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन भारत ने 8 स्वर्ण के साथ जापान को पीछे छोड़ दिया। जापान ने कुल 28 पदक जीते, लेकिन केवल 5 स्वर्ण ही जीत पाया।