भाजपा ने सपा पर राम मंदिर को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया
भाजपा का सपा पर आरोप
नई दिल्ली, 30 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर अयोध्या में राम मंदिर के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा ने कहा कि वे लोग जो पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और राम जन्मभूमि आंदोलन का मजाक उड़ाते थे, अब मंदिर के विषय पर चिंता जताने का दिखावा कर रहे हैं। भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार इस मामले को संवेदनशीलता और सतर्कता से संभाल रही है। यह बयान उस समय आया जब सपा के सांसदों ने संसद भवन परिसर में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, 'अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी जिस प्रकार की राजनीति कर रही है, वह अत्यंत निंदनीय है।' उन्होंने आगे कहा, 'यह स्पष्ट है कि सरकार उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार इस मामले को पूरी संवेदनशीलता और सावधानी से संभाल रही है।'
त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सपा और उसके सहयोगी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हैं और राम जन्मभूमि आंदोलन का मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने कहा, 'ये वही लोग हैं, जो कहते थे कि अयोध्या का कोई इतिहास नहीं है। ये वही लोग हैं, जिन्होंने यह दावा किया था कि भगवान श्री राम का कभी अस्तित्व नहीं था।'
उन्होंने यह भी कहा, 'ये वही लोग हैं, जिन्होंने इस मुद्दे का मजाक उड़ाते हुए पूछा था कि क्या राजा दशरथ के इतने सारे महल थे और वे कहां थे।' त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अयोध्या का 'अपमान' किया, वे अब मंदिर के मुद्दे पर चिंता जताने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जिन लोगों ने अयोध्या का अपमान किया, अयोध्या को बदनाम किया और सरयू को रक्त-रंजित किया, वे अब चिंता जताने का ढोंग कर रहे हैं।'
त्रिवेदी ने यह भी कहा, 'ये वही लोग हैं, जिन्होंने रामचरितमानस की प्रतियां फाड़ीं और हिंदू धर्म को कोरोनावायरस, डेंगू, एचआईवी और अन्य बीमारियों से जोड़ा।' राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि जो लोग कार सेवकों की हत्या के समय चुप रहे, वे अब भक्त होने का दिखावा कर रहे हैं।
