मंडी। भारतीय जनता पार्टी ने अपने 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के त्रयाम्बली बूथ पर आयोजित एक भव्य समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी का ध्वज फहराया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जयराम ठाकुर ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इस बार चुनाव में कांग्रेस पार्टी के ‘बीज’ को जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में हिमाचल की जनता को ऐसी जनविरोधी सरकार का सामना न करना पड़े।
मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का आधार कमजोर
जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में पिछली बार कांग्रेस का आधार लगभग समाप्त हो गया था, और जो थोड़ी-बहुत कसर बाकी रह गई है, उसे इस बार एकजुटता से समाप्त किया जाएगा।
संगठन के सिद्धांतों को फैलाने का संकल्प
उन्होंने भाजपा के गौरवमयी इतिहास और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि आज भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘देश प्रथम’ की भावना के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि संगठन के सिद्धांतों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लेने का दिन है।
कांग्रेस की नीतियों से विकास में बाधा
जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश का विकास अवरुद्ध हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और ऊर्जा भाजपा की निरंतर प्रगति और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।
इस कार्यक्रम में द्रंग के विधायक पूर्ण चंद और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे, जहां कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति अद्भुत उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
