भदोई में साइबर कैफे संचालक पर महिला को ब्लैकमेल करने का आरोप
महिला की अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेलिंग का मामला
उत्तर प्रदेश के एक जिले में एक साइबर कैफे के संचालक और उसके भाई पर आरोप है कि उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करके 25 वर्षीय महिला की अश्लील तस्वीरें बनाई और उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस ने शनिवार को इस मामले की जानकारी दी। आरोपियों की पहचान घोसिया क्षेत्र में साइबर कैफे चलाने वाले तालिब और उसके भाई रफीक के रूप में हुई है।
महिला से 50,000 रुपये वसूलने के लिए आरोपियों ने उसकी मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। जांचकर्ताओं के अनुसार, तालिब ने महिला से इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू की और उसकी सोशल मीडिया पर अपलोड की गई तस्वीरों का उपयोग करके एआई की मदद से अश्लील तस्वीरें बनाई।
पति को भेजी गईं मॉर्फ्ड तस्वीरें
महिला ने तस्वीरें वायरल होने के डर से आरोपियों को 50,000 रुपये दिए। पुलिस के अनुसार, इसके बाद अप्रैल में आरोपियों ने फिर से महिला से संपर्क किया और उसके ससुराल का पता लगाकर मॉर्फ्ड तस्वीरें उसके पति के फोन पर भेज दीं। आरोप है कि उन्होंने पुरानी चैट और फर्जी तस्वीरें सार्वजनिक कर उसकी शादीशुदा जिंदगी को खराब करने की धमकी देकर और पैसे मांगे।
महिला की शादी 8 फरवरी 2025 को वाराणसी में हुई थी। इसके बाद महिला के पिता ने 13 मई को पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी को शिकायत दी, जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों के घर पर छापा मारा। हालांकि, दोनों आरोपी फरार थे। दोनों भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत जबरन वसूली और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि दोनों भाई इसी तरीके से कई अन्य महिलाओं को भी निशाना बना चुके हैं और ब्लैकमेलिंग के जरिए लाखों रुपये वसूल चुके हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
– लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पर छात्रा से अभद्रता का आरोप
लखनऊ विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को छात्रा से अभद्रता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने छात्रा से फोन पर अश्लील बातचीत की और परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक कराने का लालच देकर उसे फंसाने की कोशिश की। आरोपी की पहचान जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह के रूप में हुई है।
