ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में भारत की कूटनीतिक सक्रियता
ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक
भारत की अध्यक्षता में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) विदेश मंत्रियों की बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कूटनीतिक पहल करते हुए मिस्र और थाईलैंड के अपने समकक्षों के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ताएं कीं। इन चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य आपसी सहयोग को बढ़ावा देना और वैश्विक संकटों, विशेषकर पश्चिम एशिया की स्थिति पर सामूहिक समझ विकसित करना था।
इस वार्ता में पश्चिम एशिया के हालात पर भी चर्चा की गई। दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक (एफएमएम) के दौरान, जयशंकर ने मिस्र के विदेश मंत्री बदर अब्देलट्टी और थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकेओ के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।
विदेश मंत्री ने ‘एक्स’ पर विभिन्न नेताओं के साथ हुई द्विपक्षीय बैठकों की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा, “विदेश मंत्री बदर अब्देलट्टी से मिलना हमेशा सुखद होता है, इस बार ब्रिक्स भारत 2026 एफएमएम के दौरान उनसे मुलाकात हुई। ब्रिक्स एफएमएम में हुए घटनाक्रमों पर चर्चा की गई। पश्चिम एशिया पर विचारों का रोचक आदान-प्रदान हुआ।”
एक अन्य पोस्ट में, उन्होंने अपने थाई समकक्ष के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, “आज शाम थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकेओ से मुलाकात बहुत अच्छी रही। हमारी चर्चा व्यापार, संपर्क, समुद्री और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-थाईलैंड सहयोग को गहरा करने पर केंद्रित थी। म्यांमा और पश्चिम एशिया पर भी विचार साझा किए गए।”
