ब्राजील के साओ पाउलो से अमेरिका के अटलांटा के लिए उड़ान भरने वाले एक यात्री विमान में उस समय हड़कंप मच गया जब उड़ान के कुछ ही मिनटों बाद उसके बाएं इंजन में आग लग गई। डेल्टा एयरलाइंस की इस फ्लाइट (एयरबस A330-300) में 272 यात्री और 14 क्रू सदस्य मौजूद थे। यह घटना रविवार को हुई और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए हैं।
इंजन से आग और मलबे का गिरना
जैसे ही विमान ग्वारुलहोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरा, बाएं इंजन से तेज धमाकों के साथ आग की लपटें और चिंगारियां निकलने लगीं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत पायलट को आग लगने की सूचना दी। पायलट ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस लौटाने का साहसिक निर्णय लिया। बताया गया है कि इंजन से जलता हुआ मलबा जमीन पर गिरा, जिससे रनवे के पास घास में हल्की आग लग गई।
9 मिनट में सुरक्षित लैंडिंग
विमान के अंदर बैठे यात्री खिड़की से आग की लपटें देखकर घबरा गए और विमान में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, पायलट ने धैर्य बनाए रखा और उड़ान भरने के केवल 9 मिनट के भीतर विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया। लैंडिंग के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने विमान को घेर लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।
तकनीकी खराबी का मामला, एयरलाइन ने मांगी माफी
डेल्टा एयरलाइंस ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि यह घटना बाएं इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई। कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा और मानसिक तनाव के लिए माफी मांगी है। सौभाग्य से, इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को कोई चोट नहीं आई और सभी को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया।
