बैंकॉक में दर्दनाक सड़क रेल हादसा: 8 की मौत, 20 से अधिक घायल
बैंकॉक में भीषण सड़क रेल दुर्घटना
बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी में शनिवार को एक गंभीर सड़क रेल हादसा हुआ। तेज गति से चल रही मालगाड़ी ने एक सवारी बस को रेलवे क्रॉसिंग पर टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कम से कम 8 लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय समाचार रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना शहर के केंद्रीय क्षेत्र में एक एयरपोर्ट रेल लिंक स्टेशन के निकट हुई।
बस रेलवे क्रॉसिंग पर फंसी थी
बैंकॉक की आपातकालीन सेवा ‘एरावन मेडिकल सेंटर’ ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। इस घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि रेलवे क्रॉसिंग पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान एक नारंगी रंग की सार्वजनिक बस ट्रैक पार करते समय फंस गई और तेज रफ्तार मालगाड़ी ने उसे रौंद दिया।
टक्कर के बाद आग लग गई, गाड़ियां घिसट गईं
गवाहों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि मालगाड़ी बस के साथ-साथ कई अन्य वाहनों और मोटरसाइकिलों को भी काफी दूर तक घिसटते ले गई। इसके तुरंत बाद बस में आग लग गई। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, साथ ही घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जांच शुरू कर दी है कि क्रॉसिंग पर गेट बंद क्यों नहीं था और बस वहां कैसे फंसी।
