बेंगलुरु में महिला के यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी गिरफ्तार
बेंगलुरु में यौन उत्पीड़न का मामला
बेंगलुरु, 28 जुलाई: एक महिला जो सड़क पर कैब का इंतजार कर रही थी, का कथित यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी। आरोपी की पहचान राममूर्ति नगर के ‘एनआरआई लेआउट’ में रहने वाले फल विक्रेता विजय राघव (42) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी का दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला ने 27 जुलाई को ‘इंस्टाग्राम’ पर अपनी आपबीती साझा की। महिला ने आरोप लगाया कि एक स्कूटर सवार व्यक्ति उसके पास आया और अभद्र टिप्पणियां करने लगा, साथ ही पैसे के बदले यौन संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा।
महिला ने बताया कि वह राममूर्ति नगर में कैब का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी ने उस पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। महिला ने साहस दिखाते हुए उसकी हरकतों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। जब उसने पुलिस को फोन करने की चेतावनी दी, तो आरोपी वहां से भाग गया।
महिला ने बाद में आरोपी की पहचान में मदद के लिए उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया। उसने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘एक महिला होने के नाते मुझे यह अधिकार है कि मैं बिना किसी डर के अपनी कैब का इंतजार कर सकूं। मुझे किसी वस्तु की तरह न समझा जाए या पैसों के लिए कोई प्रस्ताव न दिया जाए।’’
महिला ने कहा कि आरोपी की बातें डराने वाली और अपमानजनक थीं, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। उसने सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के व्यवहार को सामान्य मानकर अनदेखा नहीं करने की अपील की और पुलिस से उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके साथ ही, उसने आम लोगों से भी इस तरह के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।’’
