बुलंदशहर में रिश्तों का खून: युवक ने पत्नी और पिता को मारा
बुलंदशहर में हुई खौफनाक वारदात
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में यह वारदात हुई, जिसमें आरोपी को शक था कि उसके पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध हैं। इस डबल मर्डर ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी युवक 10 दिन पहले ही पिता बना था, और उसके घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन शक ने सब कुछ बर्बाद कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबिन एक झोलाछाप डॉक्टर है और उसने गांव में क्लीनिक खोला हुआ था। उसकी शादी करीब एक साल पहले 22 वर्षीय सना से हुई थी। रविवार को अचानक घर से चीखने-चिल्लाने और गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जहां मोबिन के पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना खून में लथपथ पड़े थे। बताया जा रहा है कि मोबिन ने लाइसेंसी पिस्टल से दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पिता को कनपटी पर गोली लगी, जबकि पत्नी को सीने और पेट में गोली मारी गई।
अवैध संबंधों के शक में विवाद
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मोबिन को अपनी पत्नी और पिता के बीच अवैध संबंधों का शक था, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होते रहते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोबिन का व्यवहार हाल के दिनों में काफी आक्रामक हो गया था। पड़ोसियों ने बताया कि घर में आए दिन झगड़े होते थे। 10 दिन पहले ही उनके घर में बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन इस डबल मर्डर ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। किसी ने नहीं सोचा था कि शक के चलते युवक इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
आरोपी की गिरफ्तारी
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से आरोपी मोबिन को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंधों से जुड़ा पाया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अब इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
